परमार्थ निकेतन में पुण्यश्लोक महारानी अहिल्याबाई होल्कर जी की 300 वीं जन्म जयंती वर्ष पर दिव्य समारोह

-परमार्थ गंगा आरती महारानी अहिल्याबाई होल्कर जी को की समर्पित
ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन में पुण्यश्लोक महारानी अहिल्याबाई होल्कर जी की 300वीं जन्म जयंती को भव्यता, श्रद्धा और सेवा के भाव के साथ मनाया गया।
परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर जी नारी शक्ति, सेवा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की अमिट मिसाल हैं। जहां-जहां सनातन संस्कृति की ज्योति मंद पड़ रही थी, वहां-वहां उन्होंने अपने सेवा, श्रद्धा और संकल्प से उसे पुनः प्रकाशित किया।
स्वामी जी ने कहा, अहिल्याबाई ने न केवल मंदिरों का पुनर्निर्माण किया बल्कि टूटे हुए मनों को जोड़ा। उन्होंने केवल मंदिरों को ही नहीं सजाया बल्कि समाज को संवारा। उनका जीवन एक ऐसा दीप है, जिसकी लौ आज भी भारत के हृदय को रोशन कर रही है। उन्होंने प्रशासन को सेवा का माध्यम बनाया और राजधर्म में लोकधर्म का समावेश कर एक आदर्श स्थापित किया।
स्वामी जी ने कहा कि भारत के इतिहास में जब भी ऐसी महिला शासिका का उल्लेख होगा, जिसने शासन को सेवा का माध्यम बनाया, तो अहिल्याबाई होल्कर जी का नाम सबसे पहले और गर्व के साथ लिया जाएगा। उनका जीवन तप, त्याग, न्याय, सेवा और सनातन संस्कृति के उत्थान का अनूठा उदाहरण है। जहां-जहां सनातन संस्कृति की ज्योति मंद पड़ रही थी, वहां उन्होंने पुनः प्रकाश फैलाया। उन्होंने केवल ईंट-पत्थरों को नहीं जोड़ा, बल्कि टूटे हुए मनों और बिखरी हुई आस्थाओं को भी संबल दिया।
अहिल्याबाई के शासनकाल को सामाजिक न्याय, स्त्री सम्मान और परोपकार का स्वर्ण युग माना जाता है। वे केवल एक रानी नहीं, बल्कि राष्ट्र माता, संस्कृति रक्षिका और परम सेविका थीं। अहिल्याबाई होल्कर जी का जीवन नारी शक्ति की पराकाष्ठा है। उन्होंने सिद्ध किया कि शक्ति का उपयोग केवल सत्ता के लिए नहीं, सेवा के लिए होना चाहिए।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा, अहिल्याबाई जी ने मंदिरों का पुनरुद्धार किया और हम आज धरती माता के मंदिर अर्थात वन, जल और नदियों का संरक्षण करें, यही हमारी उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस समारोह में श्रद्धेय संत श्री मुरलीधर जी, श्री अजेय कुमार जी, प्रदेश महामंत्री संगठन भाजपा उत्तराखंड, दीप्ति रावत जी, राष्ट्रीय महामंत्री महिला मोर्चा, श्री राज गौरव नौटियाल जी, जिलाध्यक्ष भाजपा कोटद्वार, श्री नवनीत राजपूत जी, जिला महामंत्री भाजपा कोटद्वार, श्रीमती रेणु बिष्ट जी, विधायक यमकेश्वर और अनेक विशिष्ट अतिथियों ने सहभाग कर पुण्यश्लोक महारानी अहिल्याबाई होल्कर जी की 300 वीं जन्म जयंती वर्ष पर भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *